बेहोशी की हालत में अस्पताल रेफर, विवाद के बाद बारात बिना दुल्हन लौटी
डूंगरपुर, 12 दिसम्बर: डूंगरपुर जिले के बलवाडा गांव में एक शादी समारोह उस समय तनाव में बदल गया, जब विवाह से ठीक पहले दुल्हन के भाई ने दूल्हे पर हमला कर दिया। मारपीट में दूल्हा विजेश गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहोशी की स्थिति में रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले के पाटिया बलिचा निवासी विजेश अपनी बारात लेकर बलवाडा गांव पहुंचा था। बारात को एक घर में ठहराया गया था, तभी दुल्हन का भाई वहां आया और दूल्हे को बातचीत के बहाने एक कमरे में ले गया। थोड़ी देर बाद कमरे से शोर सुनाई दिया और पता चला कि दुल्हन के भाई ने दूल्हे के साथ जमकर मारपीट की।
दूल्हे के परिजनों का कहना है कि हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। विवाद किस कारण हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। परिजनों ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस अप्रत्याशित घटना के बाद शादी की सभी तैयारियां धरी रह गईं और बारात बिना शादी संपन्न कराए ही वापस पाटिया बलिचा लौट गई। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।