शौकीन ने खुद को बताया शिवम, पहले महिला से दोस्ती, फिर पीछा और धमकी

Share

फर्जी आधार कार्ड बनाया, पुलिस ने की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 15 जनवरी :
पहचान छुपाकर महिलाओं को झांसे में लेने, दोस्ती के नाम पर परेशान करने और सरकारी पहचान पत्र आधार कार्ड में कूट रचना करने के गंभीर मामले में सवीना थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि आरोपियों द्वारा फर्जी पहचान के सहारे महिला का विश्वास जीतने, उसके बाद लगातार पीछा करने और परिवार को धमकाने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार परिवादिया ने सवीना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी शौकीन मोहम्मद निवासी महूवाड़ा (जावरमाइंस) हाल बरकत कॉलोनी (सवीना) ने स्वयं को शिवम मीणा बताकर फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया और इसी पहचान के सहारे उससे दोस्ती की। वास्तविकता सामने आने पर संपर्क तोड़ने के बावजूद आरोपी लगातार पीछा करता रहा और परिजनों को धमकियां दी गईं। मामले की जांच के दौरान सामने आया कि दूसरे आरोपी मुजफ्फर नजर उर्फ बंटी निवासी किशनपोल ने वर्ष 2022 में अपने मोबाइल से शौकीन मोहम्मद की फोटो को आधार कार्ड के फॉर्मेट में एडिट कर फर्जी दस्तावेज तैयार किया था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, भारतीय दंड संहिता एवं आधार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है और यह जांच की जा रही है कि उन्होंने इस तरह के फर्जी दस्तावेज और किन-किन मामलों में उपयोग किए हैं।