चेतावनी के साथ कहा- न माने तो और हमले होंगे
वाशिंगटन, 3 अक्टूबर: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि हमास को रविवार तक गाजा में सीजफायर से जुड़े 20 पॉइंट प्लान को मान लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि योजना को स्वीकार नहीं किया गया तो हमास पर और भी कठोर हमले किए जाएंगे।
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि समझौता न होने पर हमास के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जैसी कभी नहीं देखी गई। मिडिल ईस्ट में शांति किसी न किसी रूप में कायम होगी। ट्रम्प ने यह प्लान इस हफ्ते पेश किया था, जिस पर इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सहमति जताई है।
भारत दौरे पर आ सकते हैं बांग्लादेश के आर्मी चीफ
बांग्लादेश के आर्मी चीफ जनरल वकार-उज-जमान अक्टूबर में भारत आ सकते हैं। वे नई दिल्ली में 14 अक्टूबर से शुरू होने वाली संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में सैनिक भेजने वाले देशों की कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। अगस्त 2024 में शेख हसीना के तख्तापलट के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा। इस कॉन्फ्रेंस में 30 से अधिक देशों के सैन्य अफसर शामिल होंगे।
चीन ने ताइवान की सरकारी इमारतों की नकली साइट बनाई
नई सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि चीन ने इनर मंगोलिया के झुरिहे सैन्य ठिकाने पर ताइवान के सरकारी दफ्तरों की नकली इमारतें खड़ी की हैं। इसमें प्रेसिडेंशियल ऑफिस, ज्यूडिशियल युआन, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय रिजर्व कमांड शामिल हैं। तस्वीरों में 280 किलोमीटर लंबी सुरंग भी दिखी। रिपोर्ट्स के अनुसार चीन 2027 तक ताइवान पर हमला कर सकता है।
अफगान सीमा पर तालिबान और पाकिस्तानी सैनिकों में फायरिंग
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत और पाकिस्तान की सीमा पर तालिबान और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच फायरिंग हुई। पाकिस्तानी सेना ने आरोप लगाया कि इलाके में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के लड़ाके मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच यह झड़प कई घंटों तक चली। फिलहाल हताहतों की पुष्टि नहीं हुई है। पाकिस्तान का कहना है कि अफगान तालिबान TTP को पनाह देता है।