मां गंभीर रूप से घायल
डूंगरपुर, 17 अक्टूबर(विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के रामा टांडा गांव में खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से झुलस गई। मृतकों की पहचान राहुल (23) और दिनेश (21) के रूप में हुई। हादसा गुरुवार रात हुआ, जब तीनों खेत में मोटर चालू कर सिंचाई कर रहे थे।
गांव के लोगों के अनुसार, खेत के पास लगे ट्रांसफॉर्मर से करंट फैलने की वजह से तीनों झुलसकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल आसपुर सीएचसी लाया गया, जहां राहुल और दिनेश को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल मां मंजू को प्राथमिक उपचार के बाद डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर के खतरे को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर बिजली विभाग की कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर आसपुर थानाधिकारी प्रदीप बिट्टू जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। इस मामले में एवीवीएनएल आसपुर के एईएन विजय शर्मा ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने की बात सही नहीं है। घटना के समय और अभी भी ट्रांसफॉर्मर चालू था। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण करने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाए और सुरक्षा के लिए जाप्ता तैनात किया। मृतक राहुल की शादी छह माह पहले समोड़ा गांव में हुई थी। राहुल परिवार में दूसरे और दिनेश तीसरे नंबर के थे। ग्रामीण और परिवारजन इस दुखद हादसे से गहरे सदमे में हैं।