उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी आज से 21 दिन आंशिक रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Share

जयपुर स्टेशन यार्ड पुनर्विकास कार्य के कारण अजमेर तक सीमित हुई सेवा
उदयपुर, 20 नवम्बर :
जयपुर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते उदयपुर-जयपुर इंटरसिटी (12991/12992) को 21 नवंबर से 10 दिसंबर तक और 13 दिसंबर को आंशिक रद्द कर दिया गया है। इस दौरान ट्रेन अजमेर तक ही संचालित होगी। शादियों के सीजन में अचानक बदलाव से नियमित यात्रियों में भारी असंतोष है।
रेलवे द्वारा स्टेशन यार्ड में एयर कोनकोर्स फेज-2 के कार्य के लिए ब्लॉक लेने से कई ट्रेनों पर असर पड़ा है। उदयपुर से सुबह 6 बजे रवाना होकर दोपहर 2 बजे जयपुर पहुंचने वाली इंटरसिटी आम यात्रियों और कामकाजी लोगों के लिए सबसे सुविधाजनक ट्रेन मानी जाती है। इसके आंशिक रद्द होने से लोग अब वैकल्पिक साधन तलाशने को मजबूर हैं।
यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत ट्रेन भी लगभग उसी समय जयपुर पहुंचती है, ऐसे में केवल इंटरसिटी को प्रभावित बताकर रद्द करना समझ से परे है। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली वंदे भारत तो जारी रहेगी, लेकिन रोजाना चलने वाली इंटरसिटी बंद होने से बड़ी संख्या में यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। यात्रियों ने बताया कि इंटरसिटी से सामान्य कोच में मात्र 330 रुपए में जयपुर पहुंचना संभव था, लेकिन अब उन्हें वंदे भारत जैसी महंगी विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ट्रेनों का संचालन इस प्रकार रहेगा:
12991/12992 उदयपुर सिटी–जयपुर : 21 नवंबर से 10 दिसंबर तक एवं 13 दिसंबर को अजमेर तक ही चलेगी।
20 नवंबर, 11 व 12 दिसंबर : 12991 इंटरसिटी 15 मिनट रेगुलेट रहेगी।
20 नवंबर व 4 दिसंबर : 19616 कामाख्या–उदयपुर सिटी ट्रेन बांदीकुई-जयपुर के बीच 1 घंटा रेगुलेट रहेगी।