Urban95 (R195) कार्यक्रम के तहत सुरक्षित, स्वच्छ और संवेदनशील शहरी विकास पर जोर
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 19 दिसंबर: झीलों की नगरी उदयपुर को अब बच्चों, अभिभावकों और देखभाल करने वालों के लिए अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और परिवार-अनुकूल (Family Friendly) शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। Urban95 (R195) कार्यक्रम के तहत शहर के शहरी ढांचे को नए दृष्टिकोण से विकसित किया जा रहा है, ताकि छोटे बच्चों और उनके परिवारों के लिए शहर का हर कोना सहज, सुरक्षित और आनंददायक बन सके। यह पहल बर्नार्ड वैन लीयर फाउंडेशन और ICLEI साउथ एशिया के सहयोग से संचालित की जा रही है।
क्या है Urban95 (R195) पहल
Urban95 एक वैश्विक अवधारणा है, जिसमें शहर को 95 सेंटीमीटर की ऊंचाई—यानी लगभग तीन साल के बच्चे के नजरिए से देखा जाता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सड़कें, पार्क, सार्वजनिक स्थान, परिवहन और सेवाएं इस तरह डिज़ाइन हों, जिससे छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को सुरक्षा, सुविधा और बेहतर जीवन-पर्यावरण मिल सके।
उदयपुर में होंगे ये अहम बदलाव
Urban95 कार्यक्रम के तहत उदयपुर में सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का विशेषज्ञों द्वारा ऐसा डिजाइन किया जा रहा है, जिससे पैदल चलना और बच्चों के साथ आवाजाही सुरक्षित हो। बच्चों के अनुकूल पार्क और खेल क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी परिवार और बच्चों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसके साथ ही प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात को नियंत्रित और शांत करने के उपाय किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
मॉडल शहर बनने की ओर उदयपुर
केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से उदयपुर को Urban95 कार्यक्रम के तहत एक ‘लाइटहाउस सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। शहरी विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल छोटे बच्चों, बल्कि बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए भी शहर को अधिक सुगम और मानवीय बनाएगी। भविष्य में यह मॉडल अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।
पहले चरण में दस शहर जोड़े, अब उदयपुर और पुणे का नंबर
पहले चरण में 10 शहर इस प्रोजेक्ट में जोड़े गए थे, जिनमें कोहिमा, राउरकेला, कोच्चि, बेंगलुरु, हुब्बली-धारवाड़, वारणगाल, जबलपुर, इंदौर, वडोदरा, काकीनाडा शामिल हैं। अब पुणे और उदयपुर को अरबन 95 कार्यक्रम के तहत जोड़ा गया है। उदयपुर शहर को जोड़ने के लिए गुरुवार को नगर निगम के मिनी सभागार में इस कार्यक्रम को जोड़ने की चर्चा हुई।
शहर के पांच पार्क चयनित
पहले चरण में उदयपुर के पांच पार्क अरबन 95 कार्यक्रम के लिए चयनित किए गए हैं, इनमें एकलव्य पार्क, अंबामाता पार्क, आकाशवाणी पार्क, गुलाब बाग भी शामिल हैं। इनमें बच्चों को खेलने के अलावा उन्हें सोशल बनाए जाने के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहां उन्हें कार्यक्रम से जुड़े प्रशिक्षक जोड़े रखेंगे। पार्कों के बाद शहर के प्रमुख चौराहों, प्रमुख सड़कों पर इस तरह की सुविधाएं बच्चों एवं अभिभावकों को मिलेंगी।