पूर्व राजनयिक ने कहा, बढ़ी हुई फीस से अमेरिका को नुकसान होगा
उदयपुर, 21 सितम्बर : दुनिया के छह देशों में भारत के राजदूत रह चुके दीपक वोहरा ने कहा कि अमेरिका द्वारा एच1बी वीजा की फीस बढ़ाने से वहां की स्किल्ड आईटी वर्कफोर्स पर असर पड़ेगा और इसका नुकसान भारत को नहीं बल्कि अमेरिका को होगा। उन्होंने बताया कि अमेरिका एक लाख डॉलर तक बढ़ाई गई एच1बी वीजा फीस वापस लेगा और इसे जल्द ही 10 हजार डॉलर कर देगा।
वोहरा ने कहा कि भारत तेज़ी से आर्थिक प्रगति कर रहा है, और विश्व बैंक समेत प्रमुख संस्थान इसे मान्यता दे रहे हैं। उन्होंने युवा जनसंख्या की अहमियत बताते हुए कहा कि भारत की युवा संख्या अमेरिका की कुल जनसंख्या से अधिक है, जो आर्थिक समृद्धि में योगदान दे रही है।
उन्होंने भारत के मजबूत रक्षा तंत्र और विदेशी मुद्रा भंडार का जिक्र करते हुए कहा कि देश सुरक्षित और समृद्ध दिशा में आगे बढ़ रहा है। वोहरा ने जापान और चीन की घटती युवा जनसंख्या की तुलना में भारत की प्रगति को सकारात्मक बताया। पीओके मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अभी 10 साल का इंतजार करना होगा। वहीं, सऊदी अरब और पाकिस्तान की संधि को उन्होंने असंभावित और बेअसर करार दिया। पत्रकार वार्ता में राष्ट्र मंथन के संरक्षक लेफ्टिनेंट जनरल एनके सिंह राठौड़, संयोजक रमन कुमार सूद और अन्य वरिष्ठ उपस्थित रहे।