काराकास, 23 अक्टूबर: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा है कि देश ने अमेरिकी खतरे से निपटने के लिए रूस से मिली 5,000 इग्ला-एस मिसाइलें तैनात कर दी हैं। मादुरो ने बताया कि ये मिसाइलें देश की शांति और स्वतंत्रता की रक्षा करेंगी और किसी भी साम्राज्यवादी खतरे का जवाब देंगी। वेनेजुएला की सेना अपनी मातृभूमि की एक-एक इंच जमीन की रक्षा के लिए तैयार है।
अमेरिका ने पिछले समय में वेनेजुएला की कुछ नावों पर हमले किए और उनका आरोप है कि ये ड्रग्स ले जा रही थीं। हालांकि वेनेजुएला ने इन आरोपों को खारिज किया है। मादुरो पर अमेरिकी प्रशासन ने 50 मिलियन डॉलर (करीब 420 करोड़ रुपए) का इनाम भी घोषित किया है और उनकी 700 मिलियन डॉलर से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है।
मादुरो पर 2020 में नार्को-टेररिज्म और कोकीन तस्करी के आरोप लगे थे। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि मादुरो के पास 7 टन कोकीन है, जिसे अमेरिका भेजने की योजना थी।
2013 से सत्ता में बने मादुरो पर अमेरिका, यूरोपीय यूनियन और कई लैटिन अमेरिकी देशों ने चुनावी धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में भी ये आरोप दोहराए गए।
वेनेजुएला अमेरिका और अन्य देशों की पूंजीवादी नीतियों की आलोचना करता रहा है, वहीं अमेरिका ने मानवाधिकार उल्लंघनों और मादुरो के प्रशासन पर कई आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं।
देश की आर्थिक स्थिति काफी बिगड़ चुकी है। 75 फीसदी आबादी गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रही है, और पिछले सात साल में लगभग 75 लाख लोग देश छोड़कर चले गए हैं। तेल पर अत्यधिक निर्भरता, कीमतों में गिरावट और अमेरिकी प्रतिबंधों ने वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को गहराई से प्रभावित किया है।