1000 से ज्यादा गिरफ्तार, नेशनल गार्ड्स ने किया केमिकल स्प्रे का इस्तेमाल
वॉशिंगटन डीसी, 5 अक्टूबर: अमेरिका के शिकागो शहर में रविवार को अवैध प्रवासियों के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन मिडवे ब्लिट्ज’ के विरोध में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा शहर में बढ़ते अपराध और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए 300 नेशनल गार्ड्स की तैनाती के बाद हालात बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों और गार्ड्स के बीच हुई झड़प में पेपर स्प्रे और रबर बुलेट्स का इस्तेमाल किया गया।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अबिगेल जैक्सन ने कहा कि ट्रम्प देश के शहरों में फैल रही गड़बड़ी को रोकना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 1000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह कार्रवाई होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS) के तहत सितंबर 2025 में शुरू किए गए ऑपरेशन मिडवे ब्लिट्ज का हिस्सा है, जिसमें अपराधियों और अवैध अप्रवासियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
यह अभियान उस समय शुरू किया गया था, जब केटी अब्राहम नाम की लड़की की मौत एक अवैध प्रवासी के वाहन की चपेट में आने से हुई थी। इसके बाद देशभर में अवैध प्रवासियों के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई थी।
शिकागो में इमिग्रेशन डिपार्टमेंट (ICE) के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। कई इलाकों में प्रदर्शन हिंसक हो गए, जिसके बाद गार्ड्स ने स्पेशल केमिकल स्प्रे का प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
इस दौरान ब्राइटन पार्क इलाके में एक हथियारबंद महिला ने ICE की गाड़ियों पर कार से हमला करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा एजेंटों ने फायरिंग की, जिससे महिला घायल हो गई। बाद में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
DHS प्रमुख क्रिस्टी नोएम ने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए स्पेशल फोर्सेस तैनात की जा रही हैं। शिकागो में तनाव अब भी बना हुआ है और प्रशासन हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है।