पत्नी ने आत्महत्या की तो बेटे को मार खुद भी फंदे से लटका

Share

परिवार के तीन लोगों की मौत, सुसाइड नोट में लिखा-मेरे घरवालों की कोई गलती नहीं
उदयपुर, 20 नवम्बर:
जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। मसारो की ओवरी गांव में पत्नी के सुसाइड के बाद पति ने पहले अपने 7 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी और फिर खुद भी फंदे से झूलकर जान दे दी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पति ने लिखा है कि उसके घरवालों की कोई गलती नहीं है और उसके माता-पिता को परेशान न किया जाए। घटना बुधवार शाम की है, पर खुलासा देर शाम माता-पिता के लौटने पर हुआ।
डीएसपी राजीव राहर के अनुसार मृतक जगदीश (30) पेट्रोल पंप पर काम करता था, जबकि उसकी पत्नी शारदा (27) कुछ समय से एक निजी क्लिनिक में कार्यरत थी। घटना के समय जगदीश के माता-पिता कानूवाडा करियावर गांव गए हुए थे। बुधवार रात जब वे घर लौटे तो गेट अंदर से बंद मिला और बाहर जगदीश की बाइक खड़ी थी। आसपास के लोगों को बुलाकर गेट तुड़वाया गया। अंदर प्रवेश करते ही बहू शारदा और पोते हिमांशु उर्फ हेमू (7) का शव एक कमरे में दिखाई दिए, जबकि दूसरे कमरे में जगदीश फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर जगदीश के माता—पिता बेसुध हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम करा उनके शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस को जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें जगदीश ने लिखा कि ”मेरे घरवालों की कोई गलती नहीं है। मैं खुद मर रहा हूं। हेमू (बेटा) की मम्मी मेरे से पहले फंदा लगाकर मर गई थी। कोई भी मेरे मां-बाप को परेशान न करे। ये (पत्नी) मरी, इसलिए हम दोनों भी मरे हैं।”
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर लौटते ही जगदीश ने पत्नी को फंदे पर लटका देखा। उसने पत्नी का शव फंदे से नीचे उतारा और फर्श पर लिटा दिया। इसके बाद जगदीश ने बेटे को फांसी पर लटका दिया। उसकी मौत के बाद शव मां के पास रखा और फिर दूसरे कमरे में जाकर खुद भी फांसी पर लटक गया। जगदीश और शारदा की शादी फरवरी 2017 में हुई थी। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गांव रजोल से आए शारदा के भाई प्रकाश पुत्र संग्राम मीणा और जगदीश के छोटे भाई सुनील की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।