आटा चक्की में बाल फंसने से महिला की सिर की चमड़ी उखड़ी

Share

गेहूं पीसते समय हुआ हादसा, गंभीर हालत में उदयपुर रेफर
बांसवाड़ा, 11 मार्च:
जिले के सदर थाना क्षेत्र के सामरिया गांव में घरेलू आटा चक्की पर गेहूं पीसते समय महिला के बाल मशीन में फंसने से गंभीर हादसा हो गया। तेज रफ्तार चक्की में बाल उलझने से महिला के सिर की चमड़ी तक उखड़ गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से उदयपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार सामरिया निवासी अनीता पत्नी प्रभुलाल भगोरा बुधवार दोपहर घर में लगी आटा चक्की पर गेहूं पीस रही थी। इस दौरान उनके खुले बाल अचानक चक्की के पट्टे और घूमती शाफ्ट में उलझ गए। मशीन की तेज गति के कारण बालों के साथ सिर की चमड़ी भी खिंचकर उखड़ गई।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत चक्की का स्विच बंद कर पट्टा काटकर महिला को अलग किया। परिजन उसे लहूलुहान हालत में जिला महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे।
डिप्टी पीएमओ डॉ. दामोदर गोयल के अनुसार महिला के सिर की चमड़ी बुरी तरह उखड़ गई थी। प्राथमिक उपचार के बाद प्लास्टिक सर्जरी के लिए उसे उदयपुर रेफर किया गया है।