LOADING

Type to search

उदयपुर में ऑस्ट्रेलियाई युवती से छेड़छाड़, ऑटो चालक गिरफ्तार

Local

उदयपुर में ऑस्ट्रेलियाई युवती से छेड़छाड़, ऑटो चालक गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 17 जनवरी: पर्यटन नगरी उदयपुर में घूमने आई ऑस्ट्रेलिया की एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना अंबामाता थाना क्षेत्र की है, जहां एक ऑटो चालक ने बार में युवती के साथ बदसलूकी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौसिफ अली (38) निवासी खांजीपीर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में होने की बात स्वीकार करते हुए अपनी गलती मानी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऑस्ट्रेलिया की यह युवती जनवरी के पहले सप्ताह में टूरिस्ट वीजा पर भारत भ्रमण पर आई थी। करीब एक सप्ताह तक देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घूमने के बाद वह 15 जनवरी को उदयपुर पहुंची थी। शहर भ्रमण के लिए उसने एक ऑटो किराए पर लिया था। उसी ऑटो चालक के साथ वह शाम के समय सुखाड़िया सर्कल क्षेत्र स्थित एक बार में गई थी। आरोप है कि बार में ऑटो चालक ने शराब के नशे में युवती के साथ अशोभनीय व्यवहार किया। अचानक हुई इस घटना से युवती बुरी तरह घबरा गई और किसी तरह खुद को संभालते हुए होटल वापस पहुंची। घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी डर गई थी। अगले दिन 16 जनवरी को युवती ने साहस जुटाकर अंबामाता थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
विदेशी पर्यटक से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *