नेपाल में हिमस्खलन, 7 पर्वतारोहियों की मौत
Share
यालुंग री 5,630 मीटर ऊंची चोटी पर हादसा; 4 घायल, 4 लापता
काठमांडू, 3 नवम्बर: नेपाल के उत्तर-पूर्वी हिस्से में यालुंग री चोटी पर सोमवार को हिमस्खलन हुआ, जिसमें 7 पर्वतारोही मारे गए और 4 घायल हो गए। हादसा 5,630 मीटर ऊंची चोटी के बेस कैंप पर हुआ। इस दौरान 4 लोग लापता हैं।
मृतकों की राष्ट्रीयता: पुलिस के अनुसार मृतकों में 3 अमेरिकी, 1 कनाडाई, 1 इतालवी और 2 नेपाली शामिल हैं। यह इलाका बागमती प्रांत के रोलवालिंग वैली में आता है।
रेस्क्यू में देरी
स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन मौसम खराब होने और क्षेत्र के प्रतिबंधित होने के कारण हेलिकॉप्टर राहत कार्य में देर हुई। नेपाल आर्मी, पुलिस और आर्म्ड पुलिस फोर्स खोज एवं बचाव अभियान में लगे हैं।
यालुंग री: कठिन और संवेदनशील क्षेत्र
यालुंग री नेपाल-चीन सीमा के पास स्थित है और तकनीकी तौर पर कठिन ट्रैकिंग क्षेत्र है। विदेशी यात्रियों को यहां विशेष परमिट लेना जरूरी है। यह इलाका पहले भी हिमस्खलन-प्रोन रहा है। 2015 और 2019 में इसी रूट पर कई पर्वतारोहियों की जान गई थी।
हिमस्खलन क्या है?
हिमस्खलन या एवलांच तब होता है जब पहाड़ की ढलान पर मौजूद बर्फ, पत्थर या मिट्टी ढीली हो जाए और तेजी से नीचे की ओर गिरने लगे। इसमें बर्फ और मिट्टी के साथ अन्य वस्तुएं भी फिसलती हैं। भूस्खलन में केवल मिट्टी और चट्टान नीचे गिरती हैं।
