बच्चों को कुएं में फेंक ट्रेन के आगे कूदी मां
Share
तीनों की दर्दनाक मौत, महिला का सिर धड़ से अलग; देर रात कुएं से निकाले गए बच्चों के शव
उदयपुर, 11 मार्च: करीबी चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने पहले अपने दो मासूम बच्चों को कुएं में फेंक दिया और इसके बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। ग्रामीणों की मदद से कुएं से दोनों बच्चों के शव निकालकर कपासन उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए, जिनका पोस्टमार्टम बुधवार को किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कपासन थाने के एएसआई शंकरलाल ने बताया कि काछियाखेड़ी रेलवे पुलिया के पास एक महिला उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। ट्रेन से टकराने के कारण उसका सिर धड़ से अलग हो चुका था, जिससे तत्काल पहचान संभव नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कपासन उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर पहचान के प्रयास शुरू किए।
कुएं में मिले दो मासूमों के शव
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि काछियाखेड़ी गांव निवासी अणछी (25) पत्नी पारस कच्छवा अपने दो बच्चों सोनू (5) और चार माह के मोनू के साथ लापता है। तलाश के दौरान एक कुएं में दो बच्चों के शव दिखाई देने की सूचना मिली। कपासन थाने के एएसआई उदयलाल सुखवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले।
पुलिस ने लिए पीहर और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी हरजी लाल यादव और थानाधिकारी सुनील शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों ने महिला और दोनों बच्चों की पहचान अणछी और उसके बच्चों के रूप में की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को कुएं में फेंका और इसके बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि इस कदम के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पीहर और ससुराल पक्ष के बयान लेकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
