बहुचर्चित भट्ट प्रकरण: अंसारी व त्रिभुवन के खिलाफ चालान पेश
Share
अंसारी को नहीं मिली जमानत, अर्जी खारिज
उदयपुर, 17 फरवरी: डॉ. अजय मुर्डिया के साथ 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी मेहबूब अंसारी और संदीप त्रिभुवन के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र पेश कर दिया है। वहीं इस प्रकरण में बॉलीवुड फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट अभी जेल में बंद हैं, जबकि उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट लंबे समय बाद जमानत पर रिहा हुई हैं।
दो आरोपियों पर जांच पूरी
पुलिस के अनुसार न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे मीरा रोड, ठाणे निवासी मेहबूब पुत्र उस्मान अंसारी तथा ठाणे निवासी संदीप पुत्र विश्वनाथ त्रिभुवन के खिलाफ जांच पूरी कर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-4 की अदालत में बीएनएस की विभिन्न धाराओं 318(4), 316(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) के तहत चालान पेश किया गया। आरोपी अंसारी की जमानत के लिए स्थानीय अदालत में लगाई अर्जी खारिज कर दी गई।
44 करोड़ से अधिक की राशि हड़पने का आरोप
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए गए कि आरोपियों ने 44 करोड़ 28 लाख रुपए से अधिक की राशि हड़पने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और फर्जी व्यक्तियों के नाम से वेण्डर दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
भट्ट दंपती पर जांच अभी जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि विक्रम भट्ट, श्वेतांबरी भट्ट और अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच अधूरी होने के कारण फिलहाल उनके विरुद्ध चालान पेश नहीं किया गया है। बताया गया कि मई 2024 में डॉ. अजय मुर्डिया और श्वेतांबरी भट्ट के बीच 47 करोड़ रुपए का एग्रीमेंट हुआ था, जिसमें चार फिल्मों के निर्माण की बात थी। लेकिन केवल दो फिल्मों का निर्माण हुआ और 30 करोड़ से अधिक की राशि की धोखाधड़ी का आरोप सामने आया।
