प्रतापगढ़ में तस्कर की 2.78 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
Share
एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, अवैध कमाई से खरीदी जमीन, मकान और ट्रैक्टर जब्त
प्रतापगढ़, 18 दिसम्बर: मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। प्रतापगढ़ जिले के रठांजना थाना क्षेत्र के ग्राम गरदोडी निवासी मुकेश पाटीदार की करीब 2 करोड़ 78 लाख रुपए की संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज किया गया है। जांच में यह संपत्ति मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित पाई गई।
पुलिस के अनुसार मुकेश पाटीदार लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त था। उसके खिलाफ जिला पाली के रोहट थाना क्षेत्र में मामला दर्ज है। उसे अपने सहयोगी कृष्णपाल सिंह राजपूत के साथ 3 किलो 53 ग्राम अवैध अफीम की सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
वित्तीय जांच में खुलासा हुआ कि मुकेश पाटीदार ने पिछले छह वर्षों में तस्करी के जरिए भारी मात्रा में संपत्ति अर्जित की। उसने ग्राम गरदोडी में अपने नाम, बेटे राहुल और सहयोगी दुर्गाशंकर के नाम पर करीब 1.20 करोड़ रुपए की कृषि भूमि, अपने नाम पर 1.50 करोड़ रुपए का रिहायशी मकान तथा बेटे के नाम पर 8 लाख रुपए का ट्रैक्टर खरीदा था।
रठांजना थानाधिकारी द्वारा की गई गहन वित्तीय जांच के बाद तत्कालीन पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार ने संपत्ति फ्रीजिंग का प्रस्ताव भेजा था।
