LOADING

Type to search

भिवाड़ी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 8 मजदूर जिंदा जले

National

भिवाड़ी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 8 मजदूर जिंदा जले

Share

4 गंभीर झुलसे, शवों के टुकड़े पॉलीथीन में समेटने पड़े; मैनेजर हिरासत में, फैक्ट्री सील
भिवाड़ी, 16 फरवरी:
राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा-कारौली औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका और आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में 8 मजदूरों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली एम्स रेफर किया गया है।
डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू
धमाका सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री में आग फैल गई और मजदूर बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके। दमकल विभाग ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
शवों के कंकाल बचे, पॉलीथीन में समेटे अवशेष
हादसे में शव बुरी तरह जल गए। कई मजदूरों के केवल कंकाल और शरीर के टुकड़े ही मिले, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने पॉलीथीन में इकट्ठा किया। डीएनए जांच और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
अवैध रूप से बन रहे थे पटाखे
पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में अवैध तरीके से पटाखा निर्माण किया जा रहा था। मौके से बारूद, पटाखे और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे।
मैनेजर हिरासत में, एफआईआर दर्ज
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक और संचालनकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। मृतकों में बिहार के मोतिहारी और चंपारण जिले के कई मजदूर शामिल हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *