LOADING

Type to search

बिजनेसमैन की कार ट्रेलर से भिड़ी, 4 की मौत

Local

बिजनेसमैन की कार ट्रेलर से भिड़ी, 4 की मौत

Share

डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची कार, गेट काटकर निकाले शव; 6 साल का बेटा बाल-बाल बचा
चित्तौड़गढ़, 16 जनवरी:
चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से कार की सीधी भिड़ंत में बिजनेसमैन, उनकी पत्नी सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि उनका 6 साल का मासूम बेटा चमत्कारिक रूप से बच गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को निकालने के लिए गेट काटने पड़े।
चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर भादसोड़ा थाना क्षेत्र के नरबदिया गांव के पास गुरुवार रात करीब 2 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बिजनेसमैन के परिवार की कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई।
भादसोड़ा थाने के एएसआई प्रेमचंद ने बताया कि हाईवे पर अचानक एक जानवर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार पहले डिवाइडर से टकराई और अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


चारों मृतक एक ही परिवार के
हादसे में रिंकेश नानवानी (40), उनकी पत्नी सुहानी (38), चाची रजनी (58) और फूफा हीरानंद लालवानी (60) की मौत हो गई। रिंकेश और सुहानी चित्तौड़गढ़ के मधुबन क्षेत्र के निवासी थे, जबकि रजनी प्रतापनगर की रहने वाली थीं। फूफा हीरानंद वर्तमान में इंदौर में रहते थे और मूल रूप से रतलाम (मध्यप्रदेश) के निवासी थे।


दो घंटे तक कार में फंसे रहे
भादसोड़ा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कार और ट्रेलर में लोग करीब दो घंटे तक फंसे रहे। पुलिस ने क्रेन बुलाकर कार को बाहर खिंचवाया और कटर से गेट काटकर शवों व घायल बच्चे को बाहर निकाला। आगे बैठे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि पीछे बैठे चाची और फूफा ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
बेटा डॉक्टरों की निगरानी में
हादसे में रिंकेश का 6 वर्षीय बेटा वैभव घायल हुआ, जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसे एहतियातन डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। चारों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ट्रेलर चालक से पूछताछ कर रही है। ट्रेलर दिल्ली से अहमदाबाद जा रहा था और उसे थाने में खड़ा करवा दिया गया है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *