कनाडा ने लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया
Share
जालंधर, 29 सितंबर (उदयपुर डेस्क): कनाडा सरकार ने भारत में सक्रिय लॉरेंस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित किया है। कनाडा के पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्टर गैरी आनंदसंगरी ने कहा कि हिंसा और आतंक का कनाडा में कोई स्थान नहीं है, विशेषकर उन गतिविधियों का जो समुदायों में डर फैलाती हैं।
इस फैसले के तहत गैंग की कनाडा में मौजूद संपत्ति, वाहन और धन जब्त या फ्रीज किए जा सकेंगे। गैंग को वित्तीय मदद देने या इसके साथ जुड़ने वाले व्यक्तियों की कनाडा में एंट्री मुश्किल होगी। कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी प्रोटेक्शन एक्ट के तहत भी यह निर्णय प्रभावी होगा।
कनाडा में गैंग की मौजूदगी विशेष रूप से प्रवासी दक्षिण एशियाई समुदायों वाले इलाकों में है। यह गैंग हत्या, गोलीबारी, आगजनी, धमकी और जबरन वसूली के जरिए आतंक फैलाता है और समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा करता है।
इससे पहले 11 अगस्त को कनाडा की कंजरवेटिव पार्टी के पब्लिक सेफ्टी शैडो मिनिस्टर फ्रैंक कैपुटो ने सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री को पत्र लिखकर गैंग को आतंकी घोषित करने की मांग की थी। इसके बाद ब्रिटिश कोलंबिया, अल्बर्टा और कई नगरपालिकाओं के नेताओं ने भी समर्थन दिया। अब कनाडा सरकार ने इसे औपचारिक रूप से आतंकी संगठन घोषित कर कार्रवाई की अनुमति दे दी है।
