LOADING

Type to search

ड्रग्स के सबूत मिटाने गाड़ी में लगाई आग

Local

ड्रग्स के सबूत मिटाने गाड़ी में लगाई आग

Share

नारकोटिक्स विभाग ने डोडा चूरा और अफीम की भारी खेप जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 16 फरवरी:
चित्तौड़गढ़ में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम को एक ही दिन में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। इन कार्रवाइयों में लाखों रुपये कीमत का अवैध डोडा चूरा और अफीम जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई गंगरार उपखंड क्षेत्र के मान सिंह जी का खेड़ा गांव में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर सीबीएन टीम ने एक बाड़े पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में डोडा चूरा छिपाकर रखने की सूचना थी।
टीम के पहुंचते ही आरोपियों ने सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से बाड़े में खड़ी एक गाड़ी में आग लगा दी। आग इतनी तेज थी कि वहां बंधे मवेशियों की जान पर भी खतरा मंडराने लगा।
स्थिति को देखते हुए नारकोटिक्स के एक जवान ने साहस दिखाते हुए करीब 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और गेट खोलकर टीम को भीतर पहुंचाया। इसके बाद भैंसों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। तलाशी के दौरान मौके से 323.630 किलोग्राम डोडा चूरा और एक लग्जरी गाड़ी जब्त की गई। जब्त माल की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अफीम और डोडा चूरा बरामद
दूसरी कार्रवाई डूंगला तहसील के झाजलवास गांव में हुई। उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा नरेश बुंदेल के अनुसार इंटेलिजेंस इनपुट पर सीबीएन चित्तौड़गढ़ सेल और डिवीजन-3 की संयुक्त टीम ने एक मकान पर छापा मारा। तलाशी में वहां से 9.570 किलोग्राम अवैध अफीम और 163.420 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। इनकी बाजार कीमत भी लाखों रुपये बताई जा रही है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दोनों मामलों में जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *