उदयपुर में दो महीने से खराब बाइक का चालान काटा
Share
गलती से दूसरे युवक को भेजा ई-चालान, बाद में ट्रैफिक पुलिस ने सुधारी गलती
उदयपुर, 10 मार्च: उदयपुर में ट्रैफिक पुलिस की एक तकनीकी गलती सामने आई है। ट्रैफिक पुलिस ने दो महीने से घर पर खराब पड़ी एक बाइक का ई-चालान गलती से दूसरे युवक के नाम पर जारी कर दिया गया। युवक के पास चालान की सूचना पहुंचने के बाद मामला सामने आया, जिस पर ट्रैफिक पुलिस ने जांच कर गलती सुधारते हुए ई-चालान निरस्त कर दिया।
सोमवार को मादड़ी निवासी युवक मुन्ना कुमार के मोबाइल पर ई-चालान काटे जाने का मैसेज आया। जिसमें हेलमेट नहीं पहनने पर 1000 रुपए चालान का जिक्र था। मैसेज देखकर युवक हैरान रह गया।
उसका कहना है कि उसकी बाइक घर पर खराब कंडीशन में खड़ी है। बाइक को पिछले 2 महीने से घर के बाहर भी नहीं निकाली। ऐसे में चालान किस बात का आया है।
मुन्ना कुमार ने बताया कि हालांकि, दूसरे दिन मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस विभाग ने इसमें सुधार करते हुए दूसरा मैसेज भेजा। जिसमें पता लगा कि एक डिजीट की गलती से ये चालान मुझे इश्यू हो गया था।
1000 रुपए चालान का मैसेज आया
उन्होंने बताया कि उनके पास हीरो कंपनी की ग्लेमर बाइक है। जिसका नंबर RJ27AC 3500 है। इसी नंबर से मेरे पास 1000 रुपए का चालान भरने का मैसेज आया। लेकिन चालान में जो फोटो लगा था कि उसमें होंडा बाइक पर कोई अन्य व्यक्ति बैठा हुआ था। दूसरे दिन मैसेज आया कि ये चालान RJ27AL 3500 नंबर की बाइक का काटा गया है। तब जाकर मैंने राहत की सांस ली।
एक माह पहले भी कार चालक का टू-व्हीलर का चालान काटा
एक माह पहले भी कार की जगह टू-व्हीलर का चालान काटे जाने का मामला सामने आया था। सुखेर निवासी वकील दीपक डांगी के मोबाइल पर बाइक पर हेलमेट नहीं पहनने के चालान का मैसेज आया था। चालान में 31 जनवरी का जिक्र था। जिस दिन वे कार लेकर किसी काम से बाहर गए थे और उन्होंने सीट बेल्ट पहना हुआ था। हालांकि, वापस इसे सुधारकर अपडेट कर दिया गया था।
