चिराग पासवान बोले— केजरीवाल और सिसोदिया दोषी नहीं पाए गए तो मिली राहत न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा
Share
सदन की गरिमा बनाए रखना विपक्ष की जिम्मेदारी
उदयपुर, 27 फरवरी : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है। यदि वे दोषी नहीं पाए गए हैं तो राहत मिलना स्वाभाविक है।
शुक्रवार दोपहर 3:15 बजे उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में पासवान ने कहा कि कानून अपना काम करता है। “जो दोषी होगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी, लेकिन जो निर्दोष है, उस पर कोई आंच नहीं आएगी।” उन्होंने न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर विश्वास जताते हुए कहा कि समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं, फिर भी न्याय व्यवस्था निष्पक्ष है।
लोकसभा सत्र में विपक्ष के हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सदन समस्याओं के समाधान का सर्वोच्च मंच है। “अगर आंच चेयर तक आने लगे तो यह ठीक नहीं। विपक्ष को सदन की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए,” उन्होंने कहा।
एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और खाटूश्यामजी की तस्वीर भेंट की। इसके बाद उनका काफिला होटल लीला पैलेस के लिए रवाना हुआ, जहां वे ‘यंग प्रोफेशनल और एंटरप्रेन्योर कॉन्फ्रेंस’ में मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं और उद्यमियों को संबोधित करेंगे।
