चित्तौड़गढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष खोर का हार्ट अटैक से निधन
Share
चित्तौड़गढ़, 10 फरवरी: चित्तौड़गढ़ के केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह खोर (66) का मंगलवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। सुबह जब वे देर तक नहीं उठे तो परिजनों ने जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई हलचल नहीं दिखी। इसके बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनका जन्मदिन अगले महीने 12 मार्च को था और वे 67 वर्ष के होने वाले थे।
निधन की सूचना मिलते ही चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित कई भाजपा नेता, समाजजन और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। बताया गया कि बड़े बेटे के रांची से आने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया होगी।
खोर गांव निवासी लक्ष्मण सिंह खोर ने राजनीति की शुरुआत वार्ड पंच के रूप में की थी। इसके बाद वे उपसरपंच बने और सहकारिता क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई।
2015 से बैंक चेयरमैन रहे
वे दो बार वाइस चेयरमैन चुने गए और वर्ष 2015 में केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन बने। उनके कार्यकाल में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने के कई प्रयास किए गए। उनके निधन से राजनीतिक और सहकारिता जगत में शोक की लहर है।
