LOADING

Type to search

हाईवे पर सीट बेल्ट चालान को लेकर बवाल, महिला बाल-बाल बची

Local

हाईवे पर सीट बेल्ट चालान को लेकर बवाल, महिला बाल-बाल बची

Share

वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने एएसआई को किया लाइन हाजिर, जांच जारी
चित्तौड़गढ़, 24 दिसम्बर:
जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सीट बेल्ट का चालान काटने को लेकर पुलिस और कार सवारों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि हाईवे पर हंगामे की स्थिति बन गई। इस दौरान एक महिला पुलिस जीप के नीचे आने से बाल-बाल बच गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है।
नाकाबंदी के दौरान रोकी गई एमपी पासिंग कार
मंगलवाड़ थाना पुलिस उदयपुर-निंबाहेड़ा स्टेट हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर आ रही एक मध्यप्रदेश पासिंग कार को रोका गया। दस्तावेज जांच के दौरान एएसआई प्रेमचंद ने चालक के सीट बेल्ट नहीं लगाने का हवाला देते हुए चालान बनाने की बात कही।
सीट बेल्ट को लेकर बढ़ा विवाद
चालान की बात पर कार सवारों और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई। चालक का कहना था कि उसने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जबकि पुलिस इससे इनकार कर रही थी। बहस तेज होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस का आरोप है कि चालक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
थाने ले जाते समय हुआ हंगामा
पुलिस ने चालक को थाने ले जाने का निर्णय लिया। कार में मौजूद परिजनों, जिनमें महिलाएं भी थीं, ने इसका विरोध किया। इसी दौरान एक महिला ने पुलिस जीप का गेट पकड़ लिया और चिल्लाने लगी। हालात और बिगड़ते हुए देख पुलिस ने उसे हटाने की कोशिश की, तभी जीप आगे बढ़ गई और महिला नीचे गिर गई। गनीमत रही कि वह जीप के नीचे नहीं आई। घटना का वीडियो वायरल होते ही एसपी मनीष त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई प्रेमचंद को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। थानाधिकारी भगवान लाल ने कहा कि कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखकर की जा रही थी। पुलिस का दावा है कि किसी को जानबूझकर नुकसान नहीं पहुंचाया गया। बाद में थाने में समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और सभी को छोड़ दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *