‘पैरेंट्स व स्कूल का तालमेल बनाए सफल करियर की मजबूत नींव’
Share
करियर गाइडेंस सेमिनार में विशेषज्ञों ने बताए सही विषय चयन और तकनीकी कौशल के महत्व
उदयपुर, 12 दिसम्बर: हर अभिभावक चाहता है कि उनका बच्चा सफल करियर बनाकर परिवार का नाम रोशन करे, लेकिन सही सपोर्ट, माहौल और गाइडेंस के अभाव में कई बच्चे अपनी दिशा भटक जाते हैं। यदि पैरेंट्स और स्कूल मिलकर सही तालमेल बनाएँ तो बच्चे का भविष्य संवारना आसान हो जाता है। यह बात जे.एस. ग्लोबल – दी एक्सपर्ट करियर काउंसलर, उदयपुर के फाउंडर जितेंद्र सिंह ने इम्मानुएल मिशन स्कूल, जावर माइंस में आयोजित करियर गाइडेंस सेमिनार में कही।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक स्कूल वातावरण और पैरेंट्स का सहयोग ही करियर निर्माण की आधारशिला है। आज के दौर में परंपरागत करियर विकल्पों से आगे हजारों नए करियर मौजूद हैं, जिनकी जानकारी हर विद्यार्थी को होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्यारहवीं कक्षा में विषय चयन बेहद महत्वपूर्ण निर्णय है, जिसे सोच-समझकर लेना चाहिए।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि 80% विद्यार्थी गलत विषय चयन के कारण करियर में पिछड़ जाते हैं, इसलिए अभिभावक बच्चों की रुचि, व्यक्तित्व और कौशल को ध्यान में रखकर ही निर्णय लें और आवश्यकता पड़ने पर करियर काउंसलर की मदद लें। एआई आधारित साइकोमेट्रिक टेस्ट विषय चयन में सटीक मार्गदर्शन प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक, डिजिटल ज्ञान और AI सीखने पर जोर दिया, क्योंकि भविष्य के लगभग सभी करियर टेक्नोलॉजी आधारित होंगे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राखी सिंह ने अतिथि का स्वागत कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
