LOADING

Type to search

राजनीतिक यात्राओं में उपयोग हुए ईंधन का करोड़ों बकाया

Local

राजनीतिक यात्राओं में उपयोग हुए ईंधन का करोड़ों बकाया

Share

पेट्रोल पंप संचालकों की पैसे दिलवाने की प्रशासन से गुहार
बांसवाड़ा, 20 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
जिले में बीते महीनों में हुई विभिन्न राजनीतिक यात्राओं के दौरान वाहनों में भरवाए गए पेट्रोल-डीजल की करोड़ों रुपए की राशि अब तक भुगतान नहीं होने से पेट्रोल पंप संचालक गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। भुगतान लंबित रहने से नाराज जिला पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बुधवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द राशि जारी करने की मांग की।
एसोसिएशन अध्यक्ष हरीश चंद्र कलाल के नेतृत्व में पंप संचालकों ने जिला कलेक्टर, जिला रसद अधिकारी और जिला परिषद सीईओ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि सितंबर में मुख्यमंत्री की यात्रा, अक्टूबर में प्रधानमंत्री की यात्रा और नवंबर में डूंगरपुर में मुख्यमंत्री की पुनः यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों का उपयोग किया गया। कार्यकर्ताओं और आमजन को कार्यक्रम स्थल तक लाने-ले जाने में लगे इन वाहनों में ईंधन भरने के लिए जिला रसद अधिकारी द्वारा जारी कूपन दिए गए थे, जिनके आधार पर सभी पेट्रोल पंपों ने पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हरीश चंद्र कलाल सेनावासा के अनुसार, इन तीनों बड़ी यात्राओं के बाद से अब तक ईंधन का भुगतान नहीं मिला है, जिससे जिले के पेट्रोल पंप संचालक आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उनका कहना है कि बकाया राशि एक करोड़ रुपए से भी अधिक हो चुकी है। लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण पंपों की रोजमर्रा की वित्तीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कई पंपों पर ईंधन आपूर्ति भी कठिनाई में पड़ने लगी है।
ज्ञापन सौंपने वालों में संरक्षक संजय गांधी, सैफुद्दीन कलीम भाई, रमेश नायक, शिखर जैन सहित कई पेट्रोल पंप व्यवसायी मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि कूपन पर दिए गए ईंधन का भुगतान तुरंत किया जाए, ताकि व्यवसायियों को राहत मिल सके और ईंधन आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *