LOADING

Type to search

डबोक एयरपोर्ट की रिकॉर्ड उड़ान, यात्री 16.50 लाख के पार

Local

डबोक एयरपोर्ट की रिकॉर्ड उड़ान, यात्री 16.50 लाख के पार

Share

887 करोड़ के नए टर्मिनल से बदलेगी उदयपुर की एयर कनेक्टिविटी की तस्वीर
उदयपुर, 7 फरवरी:
महाराणा प्रताप एयरपोर्ट (डबोक) देश के बड़े एविएशन हब की सूची में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार उदयपुर में हवाई यात्रियों की संख्या में बीते एक दशक में जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है।
साल 2024-25 में पहली बार उदयपुर एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या 16,50,607 तक पहुंच गई है, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। लोकसभा में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी के सवाल के लिखित उत्तर में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने यह जानकारी दी।
आंकड़ों के मुताबिक 2015-16 में जहां केवल 7.11 लाख यात्री दर्ज हुए थे, वहीं 2018-19 तक यह संख्या 13.92 लाख तक पहुंच गई। कोरोना काल (2020-21) में यात्रियों की संख्या घटकर मात्र 4.04 लाख रह गई थी, लेकिन पर्यटन और बढ़ती कनेक्टिविटी के कारण चार वर्षों में इसमें 400% से अधिक का उछाल आया है।
विमानों की आवाजाही में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में एयरक्राफ्ट मूवमेंट बढ़कर 13,821 के पार पहुंच गया, यानी पिछले 10 वर्षों में लगभग 85% की ग्रोथ दर्ज हुई। वर्तमान में यहां प्रतिदिन औसतन 37 से 38 उड़ानों का संचालन हो रहा है।
नए टर्मिनल भवन सालाना 45 लाख यात्रियों की क्षमता वाला होगा, निर्माण जारी
बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) 887 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक नए टर्मिनल भवन का निर्माण कर रहा है। यह नया टर्मिनल सालाना 45 लाख यात्रियों की क्षमता वाला होगा। इसमें आधुनिक लाउंज, अधिक चेक-इन काउंटर, एरोब्रिज और हाईटेक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हालांकि उदयपुरवासियों की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की मांग पर सरकार ने स्पष्ट किया कि इसके लिए विदेशी एयरलाइंस की रुचि, यात्रियों की निरंतर मांग और द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौते आवश्यक हैं। सरकार फिलहाल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर भविष्य की राह तैयार कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *