प्रतापगढ़ में 58 लाख की ड्रग्स जब्त, 6 गिरफ्तार
Share
प्रतापगढ़, 16 फरवरी : प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 58 लाख रुपए की ड्रग्स जब्त की है। कोटड़ी थाना पुलिस ने 288 ग्राम ब्राउनशुगर और 12 ग्राम एमडी के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो बाइक और 49,500 रुपए नकद भी बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई। कोटड़ी थानाधिकारी रोहित कुमार टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मगराबावजी जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो बाइक खड़ी मिलीं और पास ही छह युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन प्रतापगढ़ के वनपुरा कोटड़ी निवासी हैं, जबकि तीन मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के बताए गए हैं। तलाशी में मुख्य आरोपी शाहिद उर्फ साया के पास से मादक पदार्थ बरामद हुए। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच जारी है।
