उज्जैन में 20 हजार वर्गफीट में साकार होगा एकलिंगनाथ धाम
Share
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया भूमि पूजन
उदयपुर/उज्जैन, 27 फरवरी: महाकाल की नगरी उज्जैन के पंचक्रोशी पड़ाव-3, बड़नगर रोड स्थित ग्राम नलवा में मेवाड़ के आराध्य भगवान एकलिंगनाथ का भव्य मंदिर 20 हजार वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित किया जाएगा। त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के अखिल भारतीय अधिवेशन के अवसर पर मंदिर, गुरुकुल एवं गौशाला निर्माण के लिए भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत सम्पन्न हुआ।
भूमि पूजन समारोह में मेवाड़ राजघराने के महाराणा प्रताप के वंशज डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर गुणा मांगल्या के महेन्द्रानंद गिरि महाराज, भर्तृहरि गुफा के रामनाथ महाराज तथा जोधपुर शिकारपुरा के दयाराम महाराज सहित कई संत-महात्माओं का सान्निध्य रहा। कुल 151 दम्पतियों ने सामूहिक रूप से भूमि पूजन में भाग लिया।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने इसे मेवाड़ और मालवा का आध्यात्मिक संगम बताते हुए कहा कि महाकाल की नगरी में एकलिंगनाथ मंदिर का निर्माण ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने समाज को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिवेशन में शिक्षा, संस्कार और संगठन सशक्तीकरण पर भी विचार विमर्श हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में उदयपुर संभाग सहित महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश से आए दो हजार से अधिक समाजजन उपस्थित रहे, जिससे आयोजन में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण रहा।
ऐसा रहेगा मंदिर का स्वरूप
-मंदिर का निर्माण सफेद संगमरमर से किया जाएगा तथा काले पत्थर का शिवलिंग स्थापित होगा। प्रस्तावित गर्भगृह 13.7×13.7 फीट, द्वार 13×7 फीट तथा 29×29 फीट का सभामंडप तीन ओर से प्रवेश द्वारों सहित बनाया जाएगा। पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग सात करोड़ रुपए है। परिसर में आधुनिक गुरुकुल तथा गौशाला भी विकसित की जाएगी। निर्माण कार्य सिंहस्थ आखातीज 2028 से पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
