लोन की किश्तों का गबन, ब्रांच मैनेजर समेत चार गिरफ्तार
Share
ग्रामीण महिलाओं से वसूली गई 3.16 लाख की राशि आपस में बांटी, कोर्ट ने भेजा जेल
बांसवाड़ा, 24 दिसम्बर: बांसवाड़ा जिले में ग्रामीण महिलाओं से लोन की किश्तें वसूल कर गबन करने का गंभीर मामला सामने आया है। क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड कंपनी की सज्जनगढ़ शाखा में शाखा प्रबंधक सहित चार कर्मचारियों ने मिलीभगत कर 3 लाख 16 हजार 596 रुपए की राशि हड़प ली। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
एरिया मैनेजर की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार कंपनी के एरिया मैनेजर शोखाराम ने 5 नवंबर को सज्जनगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि शाखा प्रबंधक और केंद्र प्रबंधकों ने ग्रामीण महिलाओं से नियमित रूप से लोन की किश्तें वसूलीं, लेकिन उस राशि को कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया और निजी उपयोग में ले लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह भाटी के निर्देश पर थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने बैंक खातों, वसूली रजिस्टर और शाखा के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की, जिसमें गबन की पुष्टि हुई।
सुनियोजित तरीके से किया गया गबन
जांच में सामने आया कि शाखा प्रबंधक से लेकर फील्ड स्टाफ तक सभी आरोपी इस धोखाधड़ी में शामिल थे। चारों ने योजनाबद्ध तरीके से किश्तों की रकम को आपस में बांट लिया।
बीएनएस में मामला दर्ज, सभी जेल भेजे
सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एएसआई जगदीश प्रसाद सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
