हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत
Share
खेत में ट्रॉली से खाद डालते समय हुआ हादसा, डेढ़ साल पहले हुई थी बेटे की शादी
प्रतापगढ़, 10 मार्च: जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के खरखड़ा गांव में मंगलवार दोपहर खेत में काम करते समय करंट लगने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ट्रॉली से खेत में देशी खाद डाल रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन का झूलता तार ट्रॉली के संपर्क में आ गया और वे करंट की चपेट में आ गए।
अरनोद थाने के एसआई सोहनलाल के अनुसार खरखड़ा निवासी गोवर्धन डांगी (60) अपने बेटे नरेंद्र डांगी (25) के साथ खेत में काम कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे ट्रॉली से खाद बिखेरते समय बिजली का तार ट्रॉली से टकरा गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत अरनोद अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि नरेंद्र की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और तीन महीने पहले ही उसके घर बेटी का जन्म हुआ था। गांव वालों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार नीचे झूल रहे हैं, जिससे किसानों के लिए हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से इन्हें ठीक कराने की मांग की है। घटना की सूचना पर थाना अधिकारी शिवलाल मीणा मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।
