LOADING

Type to search

उदयपुर में पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी

Local

उदयपुर में पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी

Share

उदयपुर, 25 फरवरी: राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। जिले की 20 पंचायत समितियों में अब कुल 13,83,178 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 7,05,667 पुरुष, 6,77,506 महिलाएं तथा 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। प्रारूप प्रकाशन के समय मतदाताओं की संख्या 13,73,752 थी। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 9,426 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2025 के संदर्भ में पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया था। 29 जनवरी 2026 को प्रारूप सूची प्रकाशित कर 16 फरवरी तक प्रपत्र 1 से 3 में दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं। सभी आवेदनों के निस्तारण के बाद अंतिम प्रकाशन किया गया।
पंचायत समितिवार मतदाता संख्या में भीण्डर (97,781), मावली (94,512), गोगुन्दा (89,369), वल्लभनगर (86,282), घासा (85,061) और खेरवाड़ा (84,148) प्रमुख हैं। इसके अलावा बड़गांव (77,125), सायरा (78,483), फलासिया (72,835), झाड़ोल (71,250), नयागांव (70,218), कुराबड़ (70,188), कोटड़ा (69,030), ऋषभदेव (66,459), गिर्वा (65,144), नाई (46,997), देवला (44,150), ओगणा (41,851), सुलेव (37,059) और कल्याणपुर (35,236) शामिल हैं।
पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इधर, पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव में ओबीसी वर्ग के आरक्षण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित ओबीसी आयोग की रिपोर्ट लंबित है। रिपोर्ट नहीं आने की स्थिति में सरकार पुराने आरक्षण प्रावधानों के आधार पर चुनाव करा सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *