LOADING

Type to search

अंतिम वर्ष के छात्रों को अब एक साथ मिलेंगे मार्कशीट, माइग्रेशन और प्रोविजनल

Local

अंतिम वर्ष के छात्रों को अब एक साथ मिलेंगे मार्कशीट, माइग्रेशन और प्रोविजनल

Share

बैकलॉग छात्रों को स्पेशल मौका, दस्तावेज होंगे तुरंत जारी, हजारों विद्यार्थी लाभान्वित
अन्य विश्वविद्यालय से आने वाले छात्रों को सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश

MLSU का छात्रहित में महत्वपूर्ण निर्णय
उदयपुर, 17 नवम्बर:
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल की सोमवार को हुई बैठक में छात्रों के हित में कई बड़े निर्णय किए गए। कार्यवाहक कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में परीक्षा व्यवस्था, दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया और बैकलॉग छात्रों के लिए विशेष राहत प्रदान करने पर सहमति बनी।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला यह रहा कि अब अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को मार्कशीट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और प्रोविजनल डिग्री सर्टिफिकेट एक ही साथ प्रदान किए जाएंगे। इससे छात्रों को अलग-अलग दस्तावेजों के लिए बार-बार आवेदन या विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं रहेगी। विश्वविद्यालय के अनुसार देश में संभवतः यह सुविधा देने वाला सुखाड़िया विश्वविद्यालय पहला संस्थान होगा।
इसके अलावा डुप्लीकेट मार्कशीट एवं डिग्री अब नए और सुरक्षित प्रारूप में जारी की जाएंगी, जिनमें आधुनिक सुरक्षा फीचर्स शामिल होंगे। पहले पुराने प्रारूप के दस्तावेज जारी होने से समय और गुणवत्ता दोनों में समस्या आती थी।
अकादमिक काउंसिल ने उन विद्यार्थियों को भी राहत दी है जिनके पिछले वर्षों से बैकलॉग शेष हैं। 2015 के बाद के बैच के ऐसे छात्रों को स्पेशल अवसर दिया जाएगा ताकि वे अपने बैक पेपर देकर डिग्री पूर्ण कर सकें। इसके लिए शीघ्र ही विज्ञापन जारी किया जाएगा।
एक और अहम निर्णय यह किया गया कि अन्य विश्वविद्यालय से प्रथम वर्ष या प्रथम सेमेस्टर पूरा करके आने वाले विद्यार्थियों को सुखाड़िया विश्वविद्यालय में सीधे दूसरे वर्ष या द्वितीय सेमेस्टर में प्रवेश दिया जाएगा। माइग्रेशन करने वाले छात्रों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी।
बैठक में रजिस्ट्रार डॉ. बी.सी. गर्ग सहित विभिन्न संकायों के डीन, निदेशक और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। कुलपति प्रो. सारस्वत ने कहा कि छात्रों को बेहतर और सरल सेवाएं उपलब्ध करवाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है, और ये निर्णय उसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *