दो हादसों में पांच की मौत, मृतकों में दो महिलाएं शामिल
Share
प्रतापगढ़ में तीन युवक, डूंगरपुर में देवरानी-जेठानी की गई जान
उदयपुर, 16 फरवरी: दक्षिणी राजस्थान में रविवार रात सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। प्रतापगढ़ जिले में मेला देखकर लौट रहे तीन युवकों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे तीनों की मौत हो गई। वहीं डूंगरपुर जिले में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें देवरानी-जेठानी की मौके पर ही जान चली गई और पति गंभीर घायल हो गया।
प्रतापगढ़: मेला देखकर लौट रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत
प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 2 बजे NH-56 पर मोटा मायंका पोल के पास बाइक हाईवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना अधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया कि मृतकों की पहचान बोरानखेड़ा निवासी गोपाल (23), कांतिलाल (24) और मोटीखेड़ी निवासी ईश्वर (22) के रूप में हुई है। गोपाल और कांतिलाल आपस में चचेरे भाई थे। बताया गया कि तीनों युवक रविवार को प्रतापगढ़ में मजदूरी करने गए थे और शाम को महाशिवरात्रि मेला देखने पहुंच गए। देर रात लौटते समय यह हादसा हो गया। मृतकों में गोपाल और ईश्वर शादीशुदा थे, जबकि कांतिलाल की एक माह बाद शादी होने वाली थी।
डूंगरपुर: कार की टक्कर से देवरानी-जेठानी की मौत, पति गंभीर
डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात NH-927A पर सागवाड़ा बाईपास स्थित गोवाड़ी के पास तेज रफ्तार कार ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार लक्ष्मी (42) पत्नी विष्णु बामनिया और शारदा (45) पत्नी कचरू बामनिया की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं। ऑटो चालक विष्णु पुत्र पन्नालाल बामनिया गंभीर घायल हो गया, जिसे सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।
