स्कूल में फर्नीचर के लिए नोतरा, ग्रामीणों ने जुटाए 53 हजार
Share
बांसवाड़ा, 5 फरवरी: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरखेड़ा में गुरुवार को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आशीर्वाद देकर विदा किया गया।
साथ ही विद्यालय विकास के लिए ‘नोतरा’ कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ, जिसमें ग्रामीणों और भामाशाहों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। कार्यक्रम के दौरान कुल 53,505 रुपए की राशि एकत्रित की गई। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस राशि से छात्रों के लिए टेबल-कुर्सी व अन्य आवश्यक फर्नीचर खरीदा जाएगा।
समारोह को सफल बनाने में हीरा चरपोटा, मुकेश चरपोटा, कपिल सेन, देवीलाल चरपोटा, शम्भूलाल चरपोटा सहित कई ग्रामीणों का योगदान रहा। विद्यालय स्टाफ व शिक्षकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
नोतरा परंपरा से ग्रामीणों ने बनवाई स्कूल की चारदीवारी
उदयपुर जिले की फलासिया पंचायत समिति क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, परमेर में चारदीवारी निर्माण का कार्य पिछले दो वर्षों से बजट के अभाव में अटका हुआ था। शासन-प्रशासन को कई प्रस्ताव भेजे गए, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल सकी।
इस स्थिति में विद्यालय शिक्षक जालमचंद हिमात और संवैधानिक गरिमा फेलोशिप के फेलो धनराज गरासिया ने आदिवासी समाज की पारंपरिक ‘नोतरा’ व्यवस्था के जरिए संसाधन जुटाने की पहल की। ‘नोतरा’ सामुदायिक सहयोग की प्राचीन परंपरा है, जिसमें समाज के लोग स्वेच्छा से आर्थिक मदद करते हैं।
परमेर गांव के 50 से अधिक परिवारों ने योगदान देकर 50 हजार रुपये से ज्यादा राशि एकत्रित की। इस राशि से तुरंत विद्यालय की सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया गया, जिससे अब परिसर सुरक्षित हो गया है। इस अवसर पर पूर्व विधायक हीरालाल दरांगी, दिनेश पांडोर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
