स्कूल के ही किचन गार्डन से आ रहीं मिड-डे मील की ताजी सब्जियां
Share
मंडफिया, 13 फरवरी: चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मंडफिया (श्री सांवरिया जी) ने मिड-डे मील योजना को नई दिशा देते हुए अनुकरणीय पहल की है। अब यहां बच्चों की थाली में परोसी जाने वाली हरी सब्जियां सीधे विद्यालय परिसर में विकसित किचन गार्डन से आ रही हैं।
प्रधानाचार्य दिनेश चन्द बैरवा के मार्गदर्शन में शारीरिक शिक्षक लाल मोहम्मद मंसूरी, अध्यापिका गीता ढोली, वरिष्ठ लिपिक सचिन तिवारी तथा शिक्षक बाबूलाल ने सामूहिक प्रयास से स्कूल परिसर में ट्रैक्टर से जुताई कर क्यारियां तैयार करवाईं। इनमें मेथी, पालक, पुदीना, भिंडी, टमाटर, बैंगन, धनिया, लहसुन, कलौंजी, प्याज और मटर जैसी पौष्टिक सब्जियां उगाई जा रही हैं।
विद्यालय परिसर में लगे अमरूद, जामुन और पपीते के पेड़ बच्चों को प्राकृतिक स्वाद का अनुभव भी करा रहे हैं। यह बगिया केवल पोषण का स्रोत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सीखने का जीवंत प्रयोगशाला बन गई है।
शारीरिक शिक्षक लाल मोहम्मद मंसूरी ने बताया कि इस पहल से बच्चों को ताजी और शुद्ध सब्जियां मिल रही हैं, साथ ही वे खेती-बाड़ी, श्रम और आत्मनिर्भरता का महत्व भी समझ रहे हैं। विद्यालय ने साबित किया है कि संकल्प और सामूहिक प्रयास से सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। अब यह स्कूल शिक्षा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में भी प्रेरक उदाहरण बन चुका है।
