LOADING

Type to search

रेलवन एप से जनरल टिकट पर 3% डिस्काउंट

Local

रेलवन एप से जनरल टिकट पर 3% डिस्काउंट

Share

डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, 14 जनवरी से 6 महीने तक मिलेगी राहत, R-वॉलेट से कुल 6% की बचत
उदयपुर, 30 दिसम्बर:
रेलवे यात्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर प्रोत्साहित करने और टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने बड़ी पहल की है। अब रेलवन (RailOne) एप से अनारक्षित यानी जनरल टिकट बुक करने पर यात्रियों को किराए में 3% की सीधी छूट मिलेगी। यह नई स्कीम 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक, यानी पूरे छह महीने लागू रहेगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार इस संबंध में 30 दिसंबर को सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) को सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। खास बात यह है कि यह 3% डिस्काउंट केवल R-वॉलेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि UPI, क्रेडिट/डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग सहित सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू होगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में रेलवन एप पर R-वॉलेट से भुगतान करने पर 3% कैशबैक की सुविधा पहले से जारी है। नई स्कीम लागू होने के बाद यदि यात्री R-वॉलेट से भुगतान करता है, तो उसे अतिरिक्त 3% डिस्काउंट भी मिलेगा। इस तरह कुल मिलाकर R-वॉलेट यूजर्स को 6% तक का फायदा होगा।
रेलवे ने साफ किया है कि यह छूट केवल रेलवन एप पर ही मान्य होगी। किसी अन्य वेबसाइट या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जनरल टिकट बुक करने पर यह लाभ नहीं मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि रेलवन एप को ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ के रूप में विकसित किया गया है, जहां टिकट बुकिंग, ट्रेन स्टेटस, शिकायत, नोटिफिकेशन और रिफंड जैसी सभी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं। इससे यात्रियों का समय बचेगा और रेलवे सेवाएं ज्यादा सुगम होंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *