चित्तौड़गढ़ से दक्षिण भारत तीर्थ यात्रा का सुनहरा अवसर
Share
12 दिन में तिरुपति से कन्याकुमारी तक दर्शन; 780 में से 189 सीटें बुक
उदयपुर, 26 फरवरी: दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर आया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एण्ड टयूरिज्म कार्पोरेशन(आईआरसीटीसी) जयपुर से 9 से 20 अप्रैल तक ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’ संचालित कर रहा है। 11 रात और 12 दिन की इस यात्रा में अब तक 780 में से 189 सीटों की बुकिंग हो चुकी है।
ट्रेन जयपुर से रवाना होकर अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और रतलाम होते हुए आगे बढ़ेगी। चित्तौड़गढ़, उदयपुर और प्रतापगढ़ के यात्री चित्तौड़गढ़ जंक्शन से सवार हो सकेंगे।
तिरुपति से कन्याकुमारी तक प्रमुख तीर्थ
यात्रा के दौरान श्रद्धालु तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर, रामनाथस्वामी मंदिर, मीनाक्षी अम्मन मंदिर और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे। इसके अलावा कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, गांधी मंडप और सनसेट पॉइंट भी कार्यक्रम में शामिल हैं।
यात्रा के दौरान ‘वॉश एंड चेंज’ सुविधा उपलब्ध रहेगी। एलटीसी और ईएमआई विकल्प भी प्रदान किए गए हैं। बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर की जा सकती है। यह पैकेज आस्था, सुविधा और किफायती यात्रा का संतुलित विकल्प माना जा रहा है।
780 बर्थ, दो श्रेणियों में सुविधा: ट्रेन में 380 स्टैंडर्ड और 400 कम्फर्ट श्रेणी की बर्थ उपलब्ध हैं।
स्टैंडर्ड श्रेणी: 3एसी ट्रेन यात्रा, नॉन-एसी होटल (डबल/ट्रिपल शेयरिंग), नॉन-एसी बस से स्थानीय भ्रमण, शुद्ध शाकाहारी भोजन।
किराया: ₹31,005 प्रति व्यक्ति (बच्चा: ₹27,905)।
कम्फर्ट श्रेणी: 3एसी ट्रेन, एसी होटल, एसी बस, भोजन सहित अन्य सुविधाएं।
किराया: ₹36,320 प्रति व्यक्ति (बच्चा: ₹32,685)।
