हमास ने 8 लोगों को इजराइली जासूस बताकर मारा
Share
आंखों पर पट्टी बांधी, सड़क पर बैठाकर गोलियां चलाईं; ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगे
तेल अवीव/गाजा, 15 अक्टूबर: गाजा में हमास ने 8 लोगों को सड़क पर गोली मार दी। आरोप है कि ये सभी इजराइल के लिए जासूसी कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इन लोगों की आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें सड़क पर बैठाया गया और फिर हमास के लड़ाकों ने एक-एक कर गोलियां दाग दीं। मौके पर ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे भी लगाए गए।
इजराइली सेना के गाजा से पीछे हटने के बाद हमास फिर से अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। संगठन अब उन लोकल गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, जो बीते दो सालों में राहत सामग्री लूटकर बेच रहे थे।
फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने इन हत्याओं की निंदा करते हुए कहा कि “यह गलत है और न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।” वहीं, फिलिस्तीनी विशेषज्ञ अब्दलहादी अलिजला ने कहा—“गाजा में अब कोई कानून या कोर्ट नहीं बचा है, लोग हिंसा में जीने को मजबूर हैं।”
बीबीसी के अनुसार, हमास ने गाजा में हजारों सैनिक तैनात कर दिए हैं और अगर युद्धविराम जारी रहा, तो कुछ ही हफ्तों में पूरा गाजा उसके नियंत्रण में आ सकता है।
इससे पहले मंगलवार को हमास ने 4 इजराइली बंधकों के शव रेड क्रॉस के माध्यम से इजराइल को सौंपे थे। इनमें तामिर निमरोदी, एतान लेवी और उरीएल बारूक शामिल थे। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा—“हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक सभी बंधकों के शव वापस नहीं लाते।”
