उदयपुर में निर्धारित केंद्रों पर लगेंगे एचपीवी टीके
Share
चांदपोल, बड़गांव के सेटेलाइट अस्पताल, भुवाणा और नाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाए जाएंगे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के टीके
उदयपुर, 27 फरवरी : जिले में 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत टीके लगाने के स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि उदयपुर शहर में चांदपोल सेटेलाइट, बड़गांव सेटेलाइट सहित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा नाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी टीके लगाए जाएंगे।
सीएमएचओ डॉ. आदित्य ने जानकारी दी कि इन सभी केंद्रों पर कोल्ड चेन व्यवस्था, प्रशिक्षित वैक्सीनेटर और एईएफआई (टीकाकरण उपरांत प्रतिकूल प्रभाव) प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रत्येक केंद्र पर समर्पित चिकित्सा अधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि टीकाकरण के बाद किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि यह टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया जा रहा है और यह पूर्णतः निःशुल्क है। 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं इसके लिए पात्र हैं। टीकाकरण से पूर्व अभिभावक/संरक्षक की सहमति अनिवार्य होगी।
शहर प्रभारी एवं उप निदेशक डॉ. कैलाश शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी चयनित केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, आपातकालीन किट तथा वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। टीका लगने के बाद बालिकाओं को 30 मिनट तक अवलोकन कक्ष में रखा जाएगा। सामान्य रूप से इंजेक्शन स्थल पर हल्का दर्द, बुखार या चक्कर आना जैसे लक्षण अस्थायी हो सकते हैं, जिनका उपचार मौके पर ही उपलब्ध रहेगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बालिकाओं को निर्धारित केंद्रों पर समय पर लेकर आएं और इस महत्वपूर्ण कैंसर-रोधी टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाएं। साथ ही शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय कर अधिकतम बालिकाओं तक अभि
