आईआईएम उदयपुर ने शुरू किया द्विभाषी बीबीए कार्यक्रम
Share
2026 बैच के लिए आवेदन खुले, डिजिटल-फर्स्ट मॉडल और छात्रवृत्ति सुविधा
उदयपुर, 4 मार्च: भारतीय प्रबंधन संस्थान उदयपुर ने स्नातक स्तर पर कदम रखते हुए नया बीबीए कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। चार वर्षीय यह कार्यक्रम शैक्षणिक गुणवत्ता, व्यापक पहुँच और लचीले अध्ययन विकल्पों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। 2026 बैच के लिए आवेदन 4 मार्च से 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आमंत्रित किए गए हैं, जबकि सत्र 6 जुलाई 2026 से प्रारम्भ होगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विकसित इस कार्यक्रम में मॉड्यूलर संरचना दी गई है—पहले वर्ष के बाद प्रमाणपत्र, दूसरे वर्ष के बाद डिप्लोमा, तीसरे वर्ष में बीबीए डिग्री और चौथे वर्ष में बीबीए (ऑनर्स) का विकल्प मिलेगा। शिक्षण मॉडल हिंदी-प्रथम दृष्टिकोण पर आधारित है, साथ ही द्विभाषी सहयोग उपलब्ध रहेगा। रिकॉर्डेड लेक्चर, लाइव ट्यूटोरियल, मास्टरक्लास और निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर निगरानी परीक्षाएं इसकी विशेषता हैं।
निदेशक प्रो. अशोक बनर्जी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य भाषा या परिस्थितियों के कारण प्रतिभा को पीछे न रहने देना है। प्रथम वर्ष की फीस 50 हजार रुपए से शुरू होगी तथा योग्यता व आवश्यकता आधारित छात्रवृत्तियां भी उपलब्ध रहेंगी।
