वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश लेकर भारत बनेगा विश्व गुरु:महंत मुकेश नाथ
Share
उदयपुर, 5 दिसम्बर: विश्व हिंदू महासंघ भारत के राष्ट्रीय संयोजक और गोरखपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के गुरुभाई महंत मुकेश नाथ शुक्रवार को दो दिवसीय मेवाड़ प्रवास पर उदयपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि भारत में वह सभी क्षमताएं हैं जो उसे विश्व गुरु बनाने में सक्षम हैं। भारत वसुधैव कुटुम्बकम की भावना पर चलता है और अनेकता में एकता इसकी मूल पहचान है।
धर्मांतरण पर पूछे गए प्रश्न पर महाराज ने कहा कि यह एक गंभीर विषय है, जिसका समाधान कानूनी प्रक्रिया से ही संभव है। उन्होंने कहा कि काशी-मथुरा से जुड़े मामलों में प्रशासनिक और कानूनी पेचीदगियां हैं जिन्हें राजनीतिक नेतृत्व ही सुलझा सकता है। बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण संबंधी दावे को उन्होंने निराधार बताते हुए कहा कि अब इसका कोई अस्तित्व नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारत विविधता, सामाजिक समानता और धर्मनिरपेक्षता से समृद्ध राष्ट्र है। जो भारतीयता की बात करेगा वह सच्चा भारतीय है। महासंघ का उद्देश्य हिंदुत्व और सनातन धर्म की रक्षा व प्रसार है। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है और एक दिन राम राज्य का आदर्श पुनः स्थापित होगा।
इस दौरान राष्ट्रीय महामंत्री कौशल पालीवाल, कार्यकारी अध्यक्ष जयशंकर राय, प्रदेश प्रमुख डॉ. राव बहादुर सिंह, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राहुल बोहरा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
