भारत की पाकिस्तान पर 88 रन से शानदार जीत
Share
क्रांति और दीप्ति ने झटके 3-3 विकेट, बनीं वर्ल्ड कप की टॉप टीम
स्पोर्ट्स डेस्क, 5 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): विमेंस वर्ल्ड कप में रविवार को टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर 88 रन से एकतरफा जीत दर्ज कर धमाकेदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम दो मैचों में चार पॉइंट्स लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। भारत की जीत में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का शानदार प्रदर्शन रहा। दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि क्रांति गौड़ को उनके प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम 50 ओवर में 247 रन बनाकर ऑलआउट हुई। हरलीन देओल ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्ज और ऋचा घोष ने भी अहम योगदान दिया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 159 रन बनाकर सिमट गई। पाक बल्लेबाज सिदरा अमीन ने 81 रन बनाए, लेकिन बाकी खिलाड़ी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।
भारत की ओर से क्रांति गौड़ ने सदफ शमास (6 रन), आलिया रियाज (2 रन) और नतालिया परवेज (33 रन) को पवेलियन भेजा। दीप्ति शर्मा ने मिडल ऑर्डर को संभालने की कोशिश कर रही बल्लेबाजों को आउट कर पाकिस्तान की पारी को बिखेर दिया।
इस जीत के साथ भारत ने विमेंस वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 12वीं जीत दर्ज की है। इस फॉर्मेट में दोनों टीमों की अब तक 12 भिड़ंत हुई हैं, और सभी में भारत विजयी रहा है। वर्ल्ड कप मुकाबलों में भी यह भारत की पाकिस्तान पर पांचवीं लगातार जीत रही।
मैच के दौरान एक रोचक घटना उस वक्त हुई जब रेफरी की गलती से भारत टॉस हार गया। दरअसल, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला था और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टेल्स कहा, लेकिन रेफरी ने गलती से हेड्स सुन लिया और पाकिस्तान को टॉस का विजेता घोषित कर दिया। टॉस के बाद हरमनप्रीत कौर ने पाक कप्तान से हाथ नहीं मिलाया।
टॉस विवाद के बावजूद भारतीय टीम ने मैदान पर दमदार प्रदर्शन किया और चौथे रविवार को भी पाकिस्तान को मात दी — इससे पहले 14, 21 और 28 सितंबर को पुरुष एशिया कप में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया था। भारतीय महिलाओं की यह जीत क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण बन गई।
