मासूम ने निगली लोहे की एलनकी, एंडोस्कोपी से बचाई जान
Share
पीएमसीएच के चिकित्सकों ने बिना सर्जरी निकाला औजार
उदयपुर, 6 मार्च: खेलते-खेलते औजार निगलने से दो वर्षीय मासूम की जान पर बन आई, लेकिन उदयपुर के भीलों का बेदला स्थित पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) के चिकित्सकों ने एंडोस्कोपी के जरिए लोहे की एलनकी निकालकर बच्चे को नया जीवन दिया।
भीलवाड़ा जिले के गंगापुर निवासी दो वर्षीय जयराज अपने पिता के टूल बॉक्स से खेल रहा था। उसके पिता कार मैकेनिक हैं और घर में औजार रखे रहते हैं। इसी दौरान जयराज ने खेलते-खेलते लोहे की एलनकी निगल ली। थोड़ी देर बाद उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। मरीज के पीएमसीएच पहुंचने पर गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. मयंक आमेटा ने तुरंत एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया। जांच में एलनकी बच्चे के पेट में फंसी मिली। एंडोस्कोपी के माध्यम से इसे निकालना बेहद जोखिम भरा था, क्योंकि नुकीला औजार फूड पाइप या श्वसन नली को नुकसान पहुंचा सकता था। डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक एंडोस्कोपी कर एलनकी सफलतापूर्वक निकाल दी। इस प्रक्रिया में डॉ. आशीष मेहता, डॉ. गरिमा भंडारी, टेक्नीशियन विजय-अजीम और नर्सिंग स्टाफ शामिल रहा। इलाज के बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से बच्चों की पहुंच से छोटी और नुकीली वस्तुएं दूर रखने की सलाह दी है।
