नाथद्वारा की इशा जेठानी अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकीं
Share
दुबई में जीता मिसेज गोल्ड ग्लैमरस अवॉर्ड, मुग्धा गोडसे ने किया सम्मानित
उदयपुर, 22 सितम्बर : राजसमंद जिले के नाथद्वारा की इशा जेठानी ने दुबई में आयोजित मिस एंड मिसेज इंटरनेशनल 2025 प्रतियोगिता में मिसेज गोल्ड ग्लैमरस अवॉर्ड जीतकर पूरे मेवाड़ का गौरव बढ़ाया है। इस मंच पर 12 देशों की 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां इशा ने आत्मविश्वास और प्रतिभा के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया और खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का आयोजन आशीर्वाद सब्सटेंस द्वारा किया गया। फाइनल सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री और फैशन मूवी फेम मुग्धा गोडसे ने इशा जेठानी को क्राउन और अवॉर्ड प्रदान किया। सम्मान पाकर इशा ने कहा कि यह उपलब्धि आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने अपने परिवार और समर्थकों का आभार जताया।
इससे पहले भी इशा जेठानी दिवा 2025 मिसेज इंडिया का खिताब जीत चुकी हैं। उनकी लगातार सफलताओं ने नाथद्वारा सहित पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। नाथद्वारा लौटने पर परिजनों और शहरवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और बधाई दी।
