LOADING

Type to search

नववर्ष से पहले कुंभलगढ़ में सैलानियों का सैलाब

Local

नववर्ष से पहले कुंभलगढ़ में सैलानियों का सैलाब

Share

हजार कमरों की एडवांस बुकिंग, न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर पर्यटन क्षेत्र में उत्साह
कुंभलगढ़, 28 दिसंबर:
अरावली की सुरम्य वादियों में बसा ऐतिहासिक कुंभलगढ़ दुर्ग नववर्ष 2026 के स्वागत में पूरी तरह रंग चुका है। साल के अंतिम सप्ताह में यहां पर्यटकों की जबरदस्त आमद ने पर्यटन उद्योग में नई जान फूंक दी है। न्यू ईयर ईव को लेकर क्षेत्र के 60 से अधिक होटलों में करीब 1000 कमरे पहले ही फुल हो चुके हैं, जिससे कुंभलगढ़ एक बार फिर पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरा है।
होटलों में जश्न की भव्य तैयारी
कुंभलगढ़ होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत पाल सिंह के अनुसार 31 दिसंबर की रात होटल व रिसोर्ट्स में भव्य न्यू ईयर सेलिब्रेशन आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में लाइव डीजे, राजस्थानी लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत, बोन फायर और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कई होटलों में गाला डिनर के साथ स्थानीय व्यंजनों का विशेष स्वाद भी पर्यटकों को मिलेगा।
रोशनी में नहाया पर्यटन क्षेत्र
नववर्ष के मौके पर होटल परिसरों, रिसोर्ट्स और प्रमुख मार्गों पर आकर्षक लाइटिंग की गई है। रंगीन रोशनियों से सजा कुंभलगढ़ रात में किसी उत्सव स्थल जैसा नजर आ रहा है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला संबल
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल व्यवसाय के साथ टैक्सी चालक, गाइड, हस्तशिल्प विक्रेता और छोटे व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। नववर्ष का यह जश्न कुंभलगढ़ को पर्यटन मानचित्र पर एक बार फिर मजबूती से स्थापित कर रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *