चित्तौड़गढ़ में शिक्षिका के घर लाखों की चोरी
Share
सोने के गहने और नकद लेकर फरार हुए नकाबपोश चोर, सीसीटीवी में कैद वारदात
चित्तौड़गढ़, 13 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज): शहर के सिविल लाइन इलाके में रविवार रात चोरों ने एक सरकारी शिक्षिका के घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर की मालकिन माया जोशी अपने गांव करेडा गई हुई थीं। इस दौरान चोर करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और 82 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। वारदात का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ जब पड़ोसी ने घर का ताला टूटा देखा।
जानकारी के अनुसार माया जोशी शनिवार को करेडा गई थीं। सोमवार सुबह पड़ोसी ने फोन पर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जोशी तुरंत लौटीं तो देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी खुली थी और गहनों के बॉक्स इधर-उधर फेंके थे। उन्होंने बताया कि चोर करीब 8 तोला सोना और 82 हजार रुपए नकद ले गए, जबकि चांदी के गहने घर में ही छोड़ गए। माया जोशी सरकारी शिक्षिका हैं और उनकी बेटी हॉस्टल में रहती है। उन्होंने बताया कि बीमारी के कारण कुछ नकद घर पर रखा हुआ था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश चोर औजारों के साथ घर में घुसते दिखे। उन्होंने पहले सायरन लॉक सिस्टम को निष्क्रिय किया, ताकि चोरी के दौरान आवाज न हो।
दो दिन में दूसरी बड़ी चोरी
बताया जा रहा है कि यह दो दिन में दूसरी बड़ी चोरी है, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस का मानना है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी कर रखी थी। तकनीकी टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है।
