कर्ज चुकाने के लिए सीखा था नशा बनाना, अरनोद से दबोचा
Share
प्रतापगढ़, 21 फरवरी : जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस ने एमडी फैक्ट्री मामले के मुख्य आरोपी श्रेयांस उर्फ यश मोगरा को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से फरार था।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने उसे अरनोद क्षेत्र से पकड़ा। उल्लेखनीय है कि 1 फरवरी को वॉटर वर्क्स रोड स्थित एक किराना दुकान व पीछे बने अनाज गोदाम की आड़ में चल रही अवैध एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था।
छापे में 106 ग्राम एमडी, 114 किलो 750 ग्राम लिक्विड केमिकल और विभिन्न उपकरण जब्त हुए थे। मामले में पहले ही रोहित मोगरा सहित दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पूछताछ में श्रेयांस ने बढ़ते कर्ज के कारण बाहर रहकर एमडी बनाना सीखने की बात कबूली। पुलिस नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
