बेदला में डंपर से कुचलकर व्यक्ति की मौत, मुआवजे की मांग पर हंगामा
Share
शव रखकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, “न्याय चाहिए” के लगे नारे
उदयपुर, 22 फरवरी: शहर से सटे बेदला गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय सत्यनारायण सोलंकी की मौके पर ही मौत हो गई। सोलंकी घर से बाजार की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सापेटिया से फतहपुरा की तरफ जा रहे बजरी से भरे एक डंपर ने खटीकवाड़ा क्षेत्र में उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और “न्याय चाहिए” के नारे लगाते हुए परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सूचना पर सुखेर थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आर्थिक सहायता और आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
बताया जा रहा है कि सोलंकी घर के बाहर ही पंचर की छोटी दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बेटे हैं, जबकि पत्नी भी नौकरी करती है। देर शाम तक ग्रामीण मौके पर डटे रहे और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग करते रहे।
