कार सवार व्यापारियों पर नकाबपोशों का हमला
Share
सांवलिया जी दर्शन को जा रहे थे, बदमाशों ने कार पर बरसाई लाठी
चित्तौड़गढ़, 16 फरवरी: चित्तौड़गढ़ के मंडफिया थाना क्षेत्र में रविवार रात श्री सांवलिया जी के दर्शन को जा रहे दो व्यापारियों की कार पर चार नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाश दो बाइक पर सवार थे और उन्होंने लाठियों से कार पर ताबड़तोड़ वार किए।
घटना पोटला से धनेत के बीच आक्या जीएसएस के बाहर हुई। रात के समय जैसे ही कार स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई, बदमाशों ने कार को घेर लिया और दोनों ओर से हमला शुरू कर दिया। इससे कार को नुकसान पहुंचा और व्यापारी घबरा गए। पीड़ितों की पहचान भदेसर निवासी प्रदीप सरुपरिया (42) और उनके पार्टनर चंद्रप्रकाश खोडपिया (48) के रूप में हुई है। प्रदीप की ज्वेलरी की दुकान है, जबकि चंद्रप्रकाश किराने का व्यवसाय करते हैं। दोनों प्रॉपर्टी से जुड़ा काम भी करते हैं।
प्रदीप ने बताया कि लंबे समय से उनकी तबीयत खराब थी। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने मन्नत के तहत सांवरा सेठ के दर्शन का निर्णय लिया था। हमले के दौरान व्यापारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार की रफ्तार बढ़ाई। भागने के दौरान बदमाशों की एक बाइक कार से टकरा गई, लेकिन व्यापारी बिना रुके आगे निकल गए। वे जंगल के रास्ते से आक्या गांव पहुंचे और परिचित के घर रुककर जान बचाई।
इसके बाद मंडफिया थानाधिकारी रविंद्र सेन को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। देर रात पीड़ितों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
